उत्तराखण्डसामाजिक

पूर्व मुख्यमंत्री स्व.हेमवती नन्दन बहुगुणा की जयन्ती पर अल्मोडा को मिली 256.75 करोड रूपये की सौगात

Listen to this article

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को अल्मोडा में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं पूर्व मुख्यमंत्री स्व. हेमवती नन्दन बहुगुणा की 104वीं जयंती के अवसर पर जनसेवा आधारित बहुद्देशीय शिविर एवं कृषक महोत्सव कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए स्व. हेमवती नन्दन बहुगुणा को विलक्षण प्रतिभा का धनी बताया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 256.75 करोड रूपये की विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। जिसमें 217.75 करोड की योजनाओं का शिलान्यास तथा 39 करोड की योजनाओं का लोकार्पण शामिल हैं।

सीएम धामी ने कहा कि स्व. हेमवती नन्दन बहुगुणा का स्वतंत्रता संग्राम से लेकर आजादी के बाद देश को और विशेष रूप से अविभाजित उत्तर प्रदेश को आगे बढ़ाने में उनका अमूल्य योगदान रहा। उन्होंने अपनी विलक्षण बौद्धिक प्रतिभा के बल पर भारतीय राजनीति में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनायी। अपने राजनैतिक जीवन में स्वर्गीय बहुगुणा जी ने यूपी के मुख्यमंत्री तथा केन्द्र में मंत्री रहते हुए अनेक जन कल्याणकारी योजनाएं प्रारंभ की। वे पहाड़ के ऐसे महान नेता थे जिन्होंने तमाम संवैधानिक पदों पर रहते हुए भी उत्तराखण्ड के विकास और उत्तराखंडियों के हित के लिए अनेक कदम उठाये। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय बहुगुणा जी ने स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद के कई दशकों तक भारत की राजनीति को सकारात्मक रूप से प्रभावित करने का कार्य किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के स्टॉलों का भी निरिक्षण किया। स्टॉलों के माध्यम से लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया तथा विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई। इस बहुउद्देशीय शिविर में आधार केंद्र, चिकित्सा, कृषि, उद्यान, उद्योग, बाल विकास, सहकारिता, समाज कल्याण समेत अन्य विभागों के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों को लाभान्वित किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कृषि विभाग के किसान रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया तथा किसान महोत्सव का उद्घाटन भी किया। इस शिविर के माध्यम से कृषि विभाग ने किसानों को 40 छोटे एवं 8 बड़े कृषि यंत्र भी प्रदान किए। 4 किसानों को उत्कृष्ठ कार्य हेतु पुरस्कृत किया। 25 आवेदन पीएम किसान सम्मान निधि के प्राप्त किए। 42 लोगों का पीएम किसान सम्मान निधि प्रकरण का निस्तारण किया गया। होम्योपैथी विभाग ने 130 लोगों की स्वास्थ्य जांच की तथा उनको औषधि वितरित की। समाज कल्याण विभाग के माध्यम से 8 लोगों के यूडीआईडी कार्ड बनाए गए। 3 लोगों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए।

इस अवसर पर महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, तथा कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य, चंदन रामदास, सौरभ बहुगुणा, सुबोध उनियाल, सांसद अजय टम्टा सहित अन्य गणमान्य लोगों ने स्व. बहुगुणा जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उनको श्रद्धा सुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button